ऑपरेशन समुद्र सेतु: INS शार्दुल से वापस देश लौटेंगे ईरान में फंसे भारतीय

ऑपरेशन समुद्र सेतु के तहत ईरान में फंसे भारतीयों को नौसेना का जहाज वापस देश लेकर आएगा। ईरान के बंदर अब्बास से लेकर गुजरात के पोरबंदर तक चलने वाले इस अभियान की शुरुआत सोमवार से हो गई है। भारतीयों को आईएनएस शार्दुल पर वापस लाया जा रहा है।
नौसेना ने कहा कि ईरान में भारतीय दूतावास उन नागरिकों की सूची तैयार कर रहा है, जिन्हें वहां से वापस लाया जाना है। उन्होंने बताया कि सभी को स्क्रीनिंग के बाद ही वापस आने की इजाजत मिलेगी।
नौसेना ने कहा कि इस ऑपरेशन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जहाज पर मौजूद सभी कर्मचारियों को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा। नेवी ने बताया कि जहाज पर अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ, डॉक्टर्स, राशन, फेस मास्क, पीपीई किट आदि भी मौजूद रहेंगी। इसके अलावा कोरोना वायरस से बचने के लिए नौसेना ने कुछ नए प्रोडक्ट्स भी विकसित किए हैं, जो जहाज पर उपलब्ध रहेंगे।
ईरान से भारत लौटने के बाद लोगों को उनके राज्यों के अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। भारतीय नौसेना के जहाज जलाश्व और मगर पहले ही ऑपरेशन समुद्र सेतु के तहत मालदीव और श्रीलंका के पोर्ट से कोच्चि और तूतीकोरिन के बीच 2874 लोगों को वापस लेकर आ चुके हैं।
मालूम हो कि ऑपरेशन समुंद्र सेतु कोरोनो वायरस महामारी के कारण विदेशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए केंद्र की पहल का हिस्सा है।