भाजपा विधायक यौन उत्पीड़न के आरोप में घिरे, सेना में तैनात जवान की पत्नी ने कहा दो साल से थे शारीरिक संबंध

देहरादून। अल्मोड़ा जिले के एक भाजपा विधायक यौन उत्पीड़न के आरोप में घिर गए हैं। एक महिला ने उन पर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए मांग की है कि, उसकी बेटी के डीएनए का मिलान विधायक से कराया जाए। उधर, विधायक की पत्नी ने महिला समेत चार के खिलाफ ब्लैकमेलिंग समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
महिला ने एक वीडियो जारी करके विधायक पर आरोप लगाया है कि, वे उसके साथ दो साल से शारीरिक संबंध बना रहे थे। जिससे उसे एक बेटी पैदा हुई। महिला ने कहा है कि, उसके पति के साथ बेटी का डीएनए मिला नहीं हुआ। इसलिए विधायक से उसके डीएनए का मिलान कराया जाए।
विधायक की पत्नी ने दर्ज कराया केस
विधायक की पत्नी ने नेहरु कालोनी थाने में महिला, सेना में तैनात उसके पति, मां और भाभी के खिलाफ आईपीसी की धारा 386 ओर 389 में मुकदमा दर्ज कराया है। विधायक की पत्नी ने कहा है कि, राजनीति में होने के कारण उनके पति अल्मोड़ा निवासी महिला की मदद करते थे। लेकिन आचरण ठीक नहीं होने पर इनके घर आने पर पाबंदी लगा दी थी। कहा कि, 9 अगस्त को महिला ने फोन पर विधायक को दुष्कर्म में फंसाने की धमकी दी और घंटाघर स्थित एक होटल में महिला को बातचीत के लिए बुलाया तो उसने पांच करोड़ की मांग रखी। रुपये नहीं देने पर बेटे को मरवाने की धमकी दी।