राजस्थान की सियासत में ऑडियो बम का धमाका

बाल मुकुन्द ओझा

राजस्थान में सियासत का घमासन थमने का नाम नहीं ले रहा है जब से सचिन पायलट को उपमुख्यमंत्री और राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाया गया है राजनीति के बाजार में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला अपने चरम पर पहुंच गया है। राजस्थान की सियासत में नित नए मोड़ आ रहे हैं, जिससे राजनीति और भी ज्यादा गरमाती जा रही है। अब प्रदेश में तीन ऑडियो क्लिप वायरल हो रही हैं। ऑडियो बम की चपेट में विधायक भंवर लाल शर्मा और विश्वेन्द्र सिंह आ गए है जिन्हें कांग्रेस ने निलंबित कर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह सहित एसओजी में मुकदमा दर्ज कराया गया है। ऑडियो में विधायक और बिचौलिए के बीच रुपए-पैसे की बात हो रही है। राजस्थान की सिसायत में एक सप्ताह से छिड़े संग्राम के बीच गुरुवार को ऑडियो बम का धमाका हुआ। विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाने और इसके सबूत होने के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सनसनीखेज आरोप के एक दिन बाद उनके कार्यालय से तीन ऑडियो जारी किए गए। दावा है कि इनमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह, कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा व विश्वेंद्र तथा दलाल संजय सौदेबाजी कर रहे हैं। दूसरी ओर, गजेंद्र सिंह व भंवरलाल ने कहा- बगावत के कारण इस समय सरकार बौखलाई हुई है, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा अपने आदमियों से ये फर्जी ऑडियो तैयार करा रहे हैं। यह भी कहा जारहा है जिस प्रकार भाजपा द्वारा इनकम टेक्स और ईडी का दुरूपयोग किया जा रहा है उसी तर्ज पर कांग्रेस सरकार एसओजी का अपने हित में प्रयोग किया जारहा है। इसे अदले का बदला बताया जारहा है।
सचिन पायलट की याचिका पर स्पीकर के नोटिस के खिलाफ हाई कोर्ट की खंड पीठ में दोनों पक्षों के वकीलों ने आज भी अपनी दलीलें पेश की। पायलट की ओर से देश के नामी वकील हरीश साल्वे ने लंदन से वर्चुअली प्रस्तुत होकर बहस की। स्पीकर और महेश जोशी के वकील भी अपनी दलीलें रख रहे है।
राजनीतिक क्षेत्रों में कहा जा रहा है गहलोत किसी भी स्थिति में पायलट की कांग्रेस में वापसी का घनघोर विरोध कर रहे है। उनके इस कार्य में प्रभारी महासचिव अविनाश पांडेय का समर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में ये ऑडियो क्लिप जारी किये गए है। इन ऑडियो की प्रमाणिकता हालाँकि अभी संदिगद्य है। फिर भी हंगामा बर्फानी के लिए यह काफी है।
दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की चुप्पी पर भी सवाल उठाये जाने लगे है। गहलोत और पायलट के बीच चल रहे सियासी संग्राम के बीच एनडीए में शामिल राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष और सांसद हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर बड़ा आरोप लगाया है। बेनीवाल ने दावा किया कि वसुंधरा राजे अशोक गहलोत का साथ दे रही हैं। बेनीवाल ने आरोप लगाया है कि वसुंधरा राजे विधायकों को फोन कर गहलोत का साथ देने को कह रही हैं। भाजपा नेता राजेंद्र राठोड ने इसे गलत बताते हुए कहा है वसुंधरा आज भी उनकी नेता है।