दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता व सांसद मीनाक्षी लेखी ने आज “स्वदेशी राखी“ अभियान की शुरुआत की

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता व सांसद  मीनाक्षी लेखी ने आज महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित कार्यक्रम में “स्वदेशी राखी“ अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के अंतर्गत महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने स्वयं राखियां बनाने की पहल की है।

इस अवसर पर आदेश गुप्ता ने कहा दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की बहनों द्वारा उठाया गया यह कदम अत्यंत ही सराहनीय है। इस प्रयास से इस बार के रक्षाबंधन त्योहार में चीनी राखी नहीं बल्कि स्वदेशी राखियां का उपयोग किया जाएगा जो अपने आप में ही एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। माननीय प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने आत्मनिर्भर भारत अभियान को साकार रूप देते हुए स्वदेशी राखी बनाने का अभियान शुरू किया है। इस अभियान के माध्यम से महिला मोर्चा की कार्यकर्ता समाज के अन्य महिलाओं को रोजगार देने में सफल होंगी। “स्वदेशी राखी“ पहल से महिलाओं को स्वरोजगार मिलेगा और साथ ही उनका आत्मविश्वास भी प्रबल होगा।

सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए इस कदम से भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन पर इस बार स्वदेशी राखी से रिश्तों की डोर मजबूत होगी। स्वदेशी राखी पहल के जरिए महिलाएं देश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में भी सहयोग कर रही हैं।