राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने खड़गे और सोनिया को घेरा
|
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रवि शंकर प्रसाद ने आज पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता को सम्बोधित किया और कांग्रेस पार्टी के युवराज राहुल गांधी द्वारा लन्दन में दिए गए भारत विरोधी बयान पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे से सवाल पूछे कि क्या वे राहुल गाँधी के भारत विरोधी बयान का समर्थन करते हैं? यदि नहीं करते हैं, तो उनके बयान की निंदा करें और देश को यह भी बताएं कि राहुल गाँधी पर क्या कार्रवाई की जा रही है? अन्यथा यह स्पष्ट हो जाएगा कि कांग्रेस पार्टी भी राहुल गांधी के बयान के समर्थन में खड़ी है। सोनिया गांधी जी, क्या आप अपने सुयोग्य पुत्र की उक्त टिप्पणी का समर्थन करती हैं?
राहुल गाँधी पर देश की जनता को शर्मसार करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जब राहुल गाँधी भारत को अपमान करने के लिए ब्रिटिश संसद का दुरुपयोग कर रहे थे, तब ब्रिटेन के संसद सदस्यों का भी अधिकार बनता था कि वे राहुल गांधी से यह सवाल पूछते कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थशक्ति बना है या नहीं? यह भी कि मोदी आज सबसे लोकप्रिय नेता है या नहीं हैं?
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने सोनिया गांधी, कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे को आड़े हाथों लेते हुए पूछा कि भारत में लोकतंत्र बचाने के लिए यूरोप और अमेरिका को हस्ताक्षेप करना चाहिए, क्या यह राहुल गांधी के शब्द हैं? क्या वे राहुल जी के इस बयान का समर्थन करते है? राहुल गांधी ने विदेश जाकर भारत को शर्मसार करने की कोशिश की है, जब उन्होंने कहा कि भारत के आंतरिक मामलों में यूरोप और अमेरिका को हस्तक्षेप करना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के लिए किसी भी विदेशी ताकत का मुखर विरोधी रही है। सरकार किसी की भी हो, हम किसी भी विदेशी ताकत के भारत में आंतरिक हस्तक्षेप के विरोधी रहे हैं। भारत में सर्वसम्मति रही है कि किसी भी विदेशी ताकतों को देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने नहीं देंगे।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की जनता को अपने लोकतंत्र पर गर्व है और जिनको अपनी क्षमता पर गर्व है, वह किसी को भी बदल सकता है। राहुल गांधी का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। भारतीय जनता पार्टी इसकी भर्त्सना करती है। राहुल गांधी विदेश जाते ही राजनीति की सारी मर्यादा, शालीनता, परंपरा और लोकतांत्रिक शर्म भूल जाते हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तुलना मुस्लिम बद्ररहूड से करते हैं, इससे ज्यादा शर्मनाक बात और क्या हो सकती है। राहुल गांधी का यह बयान अत्यंत निदंनीय है। क्या राहुल गांधी संघ का पूरा नाम भी जानते हैं? संघ के संस्थापक के नाम भी जानते हैं क्या? उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक राष्ट्रवादी संघ हैं। आरएसएस 1925 से राष्ट्र सेवा, राष्ट्रभक्ति, राष्ट्र संकल्प और राष्ट्र समर्पण में अपना बहुत बड़ा योगदान देते आ रही है । संघ ने कोरोना में लोगों की कैसी सेवा की, आपको नहीं दिखा? हमे गर्व है कि हम संघ के स्वयंसेवक हैं। आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रभावित एवं प्रेरित हजारो लोग देश में इस दिशा में काम कर रहे हैं। आरएसएस के कामों को राहुल गांधी ने देखा है क्या? आरएसएस ने नार्थ ईस्ट में सामाजिक समरसता का काम किया है, क्या राहुल गांधी ने उसे कभी देखा है?