नई दिल्ली। विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के प्रति सम्मान, प्रशंसा और प्रेम प्रकट करते हुए, महिलाओं के आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक उपलब्धियों एवं कठिनाइयों की सापेक्षता के उपलक्ष्य में उत्सव के तौर पर प्रत्येक वर्ष 08 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में उत्तर रेलवे ने आज राष्ट्रीय रेल संग्राहालय, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया। इस अवसर पर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल मुख्य अतिथि थे तथा उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा शिखा गंगल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थीं।
इस अवसर पर उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा शिखा गंगल ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष महिला दिवस का मूल विषय “लैंगिक समानता के लिए नवाचार और प्रोद्यौगिकी” है। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय रेल में आज प्रत्येक स्तर पर महिलाओं की भागीदारी निरन्तर बढ़ रही है तथा गाडि़यों के संचालन से जुड़े कार्यों जिनमें अभी तक पुरूषों का बोलबाला था, में भी महिलाओं की भागीदारी निरन्तर बढ़ रही है। महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने कहा कि इस अमृत काल में हमें आने वाले 25 वर्षों में ऐसे प्रयास करने हैं जिनसे महिलाओं की भागीदारी को और बढ़ाया जा सके, तभी हम इस वर्ष की थीम – “लैंगिक समानता के लिए नवाचार और प्रोद्यौगिकी” के सपने को सही रूप में साकार कर सकते हैं।
उत्तर रेलवे की प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी प्रमिला हिंगोरानी भार्गव ने उपस्थित सभी महिलाओं व अधिकारियों को इस अवसर पर अपनी शुभकामनायें दी तथा प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति भी जागरूक रहने का आग्रह किया। समारोह के अन्त में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कर्मियों तथा इस अवसर पर आयोजित प्रतिस्पर्धाओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया जिसे दर्शकों की भरपूर सराहना मिली।