वीरेन्द्र सचदेवा दिल्ली प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त हुए

नई दिल्ली।आज भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने दिल्ली में सक्रिय कार्यकर्त्ता वीरेंदर सचदेवा को दिल्ली प्रदेश भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर एकबार फिर साबित किया कि भाजपा ही एकमात्र राजनैतिक दल है जहां साधारण कार्यकर्त्ता किसी भी पद पर पहुँच सकता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा नियुक्त होने के बाद प्रदेश कार्यालय में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह विधूड़ी,प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, हर्ष मल्होत्रा एवं दिनेश प्रताप सिंह,प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन और तमाम पदाधिकारियों ने नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष का स्वागत किया और उन्हें अध्यक्ष कक्ष में बिठाया।

इस अवसर पर  वीरेन्द्र सचदेवा ने  पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का  आभार प्रकट किया और कहा कि हम सबको सामुहिक नेतृत्व प्रणाली से काम करना है और  बिना विश्राम अब 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाना है।प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के संदेश को जन-जन में प्रसारित कर 2024 में पुनः दिल्ली में भाजपा के सभी सातों सांसद प्रत्याशियों को सफल बनाने के लिये कार्य करना है।

विदित हो कि  वीरेन्द्र सचदेवा का परिवार देश के विभाजन के समय पाकिस्तान से विस्थापित होकर पुरानी दिल्ली में बसा एक पंजाबी परिवार है, जिसने बहुत परिश्रम से समाज में अपना एक अलग स्थान बनाया है। बाल्यकाल से ही स्वयंसेवक  वीरेन्द्र सचदेवा शिक्षा से स्नातक हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी प्रथम वर्ष शिक्षित हैं।1988 से राजनीति में सक्रिय चांदनी चौक जिला भाजपा के जिला उपाध्यक्ष, महामंत्री रहे और फिर 2007 में चांदनी चौक के जिलाध्यक्ष बने। निवास परिवर्तन के बाद 2014 में मयूर विहार जिले के अध्यक्ष भी चुने गये और 2009 में प्रदेश में मंत्री रहे और 2020 में प्रदेश उपाध्यक्ष बने। समय-समय पर पार्टी के विभिन्न संगठात्मक जिलों के प्रभारी भी रहे हैं।2012 से 2014 तक श्री सचदेवा दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ता प्रशिक्षण प्रमुख रहे और 2017 से 2020 तक पार्टी की राष्ट्रीय गुड गर्वनेन्स विभाग के सदस्य रहे। भारतीय तीरनदाजी संघ के कोषाध्यक्ष एवं दिल्ली तीरनदाजी संघ के अध्यक्ष रहे हैं। पूर्व में भारतीय ऑल्मपिक संघ के एसोसिएट एक्जीक्यूटिव सदस्य रहे हैं।